हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के धौलाना के यूपीएसआईडीसी में स्थित लोहा गलाने वाली फैक्ट्री खेकड़ा कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर अनुराग त्यागी की भट्टी में गिरकर मौत हो गई थी। मैनेजर की मौत से कई खुलासे हुए हैं जिसमें पता चला कि फैक्ट्री के मालिक के पास कई विभागों के अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं है। मामला सामने आने के बाद कई विभागों के अधिकारियों की नींद टूट गई जो कि मामले की जांच में जुट गए हैं। बता दें कि फैक्ट्री आज से नहीं बल्कि पिछले तीन वर्षों से चलाई जा रही है। 5500 वर्ग मीटर में फैली इस फैक्ट्री के अंदर एक हिस्से में लगभग 25 गज में बिजली से संचालित भट्टी लगी हुई है जहां स्क्रैप के लोहे को पिघला कर उसे सिल्ली का रूप दिया जाता है। ऐसे में कई विभागों के अनापत्ति प्रमाण पत्र फैक्ट्री संचालक के पास नहीं है।
मामले में उत्तर प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक उत्सव शर्मा का कहना है कि जांच की जा रही है कि फैक्ट्री के अंदर ई वेस्ट कचरे को भी निष्पादित किया जा रहा था या नहीं? यदि ऐसा है तो फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अग्निशमन अधिकारी हापुड़ मनु शर्मा का कहना है कि फैक्ट्री को किसी भी प्रकार की अनुमति प्रदान नहीं की गई। इस फैक्ट्री में दो बार से ज्यादा आग की दुर्घटना हो चुकी है। आपको बता दें कि मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक अनुराग त्यागी के भाई की तहरीर पर पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। फैक्ट्री का मालिक आरिफ खेकड़ा निवासी बागपत है। फिलहाल पुलिस मालिक समेत तीनों की तलाश कर रही है।

























