
घायल मुंसाद ही निकला फायरिंग की घटना का मास्टरमाइंड, दो गिरफ्तार
हापुड़, सीमन/अमित कुमार,संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के नवादा अंडरपास के पास सपा नेता के भतीजे पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। फायरिंग की घटना में घायल मुंसाद ही इस घटना का मास्टरमाइंड निकला। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को रामपुर रोड पर गंदा नाला पुलिया के पास से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम जमालू पुत्र मुस्तकीम निवासी पुरानी चुंगी देहली गेट थाना हापुड़ जनपद हापुड़ तथा फुरकान पुत्र नवाब निवासी अलीनगर थाना हापुड़ जनपद हापुड़ है जिनके कब्जे से पुलिस ने अवैध पिस्टल मय तीन जिंदा व तीन खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। रविवार को हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंज्य सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मुंसाद पर हुई फायरिंग के मामले में घायल मुंसाद ही इस घटना का मास्टरमाइंड निकला। दरअसल कुछ लोगों से मुंसाद का पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में 26 मई 2025 को थाना हापुड़ देहात पर राहुल द्वारा मुंसाद के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। ऐसे में मुकदमा दर्ज कराने वालों पर दबाव बनाने के लिए मुंसाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद पर फायरिंग कराई और इस घटना का ढोंग रचा। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुंसाद अस्पताल में है जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मुंसाद ने जमालू से अपने पेट और टांग पर गोली लगवाई जिसके बाद फुरकान ने पिस्टल को छिपाया।
ज्ञात हो कि शुक्रवार की रात हापुड़ के मोहल्ला कोटला मेवातियान निवासी मुंसाद अपने ताऊ के बेटे जमालुद्दीन के साथ बाइक पर सवार होकर नवादा गांव के रहने वाले दोस्त जीतू से मिलकर वापस लौट रहा था। मुंसाद ने आरोप लगाया था कि उसके साथ कपड़ों का व्यापार करने वाले साथियों ने झांसा देकर उसे नवादा अंडरपास पर बुलाया। जैसे ही वह नवादा अंडरपास पर पहुंचा तो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। एक गोली तो मुंसाद के पेट और एक दूसरी गोली उसकी जांघ में लगी लेकिन पुलिस द्वारा सख्ती से की पूछताछ में मुंसाद ने सब कुछ उगल दिया। पुलिस ने रविवार को मामले में कार्रवाई करते हुए दो को गिरफ्तार कर लिया जबकि मुंसाद को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम को 15000 रुपए का इनाम दिया गया है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365































