हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): प्रधानमंत्री के 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने के संकल्प को पूरा करने के लिए क्षय रोग विभाग लगातार जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। टीबी के खात्मे के लिए “जनांदोलन” कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है, इसका उद्देश्य आउटरीच और संवेदनशील क्षेत्रों में जाकर क्षय रोग के बारे में जागरूकता पहुंचाना है। क्षय रोग विभाग क्षय उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए “जनांदोलन” के चौथे चरण में स्कूल कॉलेजों में कार्यक्रमों का आयोजन कर टीबी के लक्षणों और सरकारी स्तर पर टीबी के उपचार के लिए उपलब्ध निशुल्क सेवाओं की जानकारी दे रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को श्री ओंकार राजेश्वर स्वामी विद्या पीठ इंटर कॉलेज ब्रजघाट में “क्षय रोग” पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस मौके पर छात्रों को संबोधित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश सिंह ने कहा क्षय रोग पहले प्राणघातक रोग था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। चिकित्सा विज्ञान ने इसके उपचार को लेकर काफी प्रगति कर ली है और टीबी का रोगी नियमित उपचार के बाद पूरी तरह ठीक हो जाता है। टीबी शरीर के किसी भी अंग में हो सकती है, लेकिन फेफड़ों की टीबी संक्रामक होने के चलते ज्यादा खतरनाक है। टीबी रोगी के सांस और मुंह से निकलने वाली ड्रॉपलेट के जरिए यह बीमारी दूसरे कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को भी अपनी चपेट में ले लेती है। इसलिए क्षय उन्मूलन के लिए लक्षण आने पर जल्दी उपचार शुरू होना जरूरी है। टीबी की जांच और उपचार की सुविधा सरकार की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। जिला पीपीएम कोर्डिनेटर सुशील चौधरी ने बताया की यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी ‘ बलगम का आना ‘ बलगम में खून का आना ‘बुखार आना मरीज को भूख कम लगना वजन का घटना आदि लक्षण है तो ऐसे व्यक्ति को तुरंत अपने पास के सरकारी अस्पताल में जांच करानी चाहिए टी0 बी0 की जाँच सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध हैं उपचार जारी रहने तक टीबी रोगियों को बेहतर पोषण के लिए सरकार हर माह पांच सौ रूपए का भुगतान उनके खाते में करती है।
क्षय रोग पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कु0 रिंकी द्वितीय पुरस्कार कु0 मनीषा वर्मा व तृतीय पुरस्कार कु0 चंचल प्रजापति व सांत्वना पुरूस्कार प्रथम पुरस्कार मनीष यादव द्वितीय पुरस्कार शौरभ तोमर तृतीय पुरस्कार हनी कुमार को मिला। इसी प्रकार सभी छह छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्रों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या कु0 अंजना बंसल ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि क्षय रोग संक्रामक रोग है, इसलिए जागरूकता से ही बचाव संभव है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि कार्यक्रम के दौरान मिली जानकारी को लेकर अपने परिवार में भी चर्चा करें। कार्यक्रम में क्षय रोग विभाग से डॉ0 सुरेन्द्र सिंह व श्रीमती आशु देवी वरिष्ठ क्षय रोग पर्यवेक्षक गजेंद्र पाल सिंह रामसेवक व महेंद्र कुमार यादव और कॉलेज की ओर से पुष्पेन्द्र कुमार पी0टी0आई0 व सुबोध कुमार चौहान, घनश्याम शर्मा, शौरभ यादव व अंशु गोयल,अमिता गर्ग का सक्रिय सहयोग रहा।





























