
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के निज़ामपुर बाईपास पर स्थित एस. ए. इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तिरंगे झंडों, गुब्बारों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविताएँ , लघु नाट्य मंचन एवं नृत्य प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नाट्य मंचन ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सभी प्रस्तुतियों ने भारतीय स्वतंत्रता की कहानी और एकता को जीवंत कर दिया। विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर जयश्री सिंह तोमर ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को देश की सेवा और एकता का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सरिता शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, संघर्ष और स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देश सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ किया गया। मिठाई वितरण के पश्चात सभी ने उत्साहपूर्वक एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025































