हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली पुलिस बुधवार को मेरठ के किठौर में दबिश देने के लिए गई थी लेकिन किठौर में पुलिस को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। इस दौरान दरोगा और पुलिसकर्मियों से पिस्टल भी छीन ली और उनकी वर्दी तक फाड़ दी। मामले की सूचना मिलने पर किठौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने रामकुमार और तरुण को हिरासत में लिया है।
बता दें कि सिंभावली थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले नकदी और मोबाइल ठगी हुई थी जिसकी जांच करते हुए पुलिस को मोबाइल की लोकेशन मेरठ के किठौर स्थित हरिजनों वाले मोहल्ले में ट्रेस हुई। सिंभावली थाने से दरोगा जैदी बिना नंबर की निजी कार से मौके पर पहुंचे। इसी दौरान अन्य पुलिसकर्मियों ने रामकुमार को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। खबरों के मुताबिक दरोगा समेत पुलिसकर्मियों की इस दौरान पिस्टल भी छीन ली और पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। मामले की सूचना मिलते ही किठौर पुलिस मौके पर पहुंची और सिंभावली पुलिस को बचाया। इस दौरान पुलिस ने रामकुमार और तरुण को हिरासत में ले लिया और जांच में जुट गई।



























