
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) हापुड़ चैप्टर द्वारा शनिवार को सोसाइटी भवन, धीरखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में एक महत्वपूर्ण मंथन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी नवीन योजनाओं की जानकारी देना रहा।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में ESIC के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता को आमंत्रित किया गया। गुप्ता ने उपस्थित उद्यमियों को ESIC की स्प्री (SPREE) स्कीम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष योजना के अंतर्गत वे औद्योगिक इकाइयाँ, जिन्होंने अभी तक अपने कर्मचारियों का ESIC में पंजीकरण नहीं कराया है, वे अब बिना किसी पुराने रिकॉर्ड या पूर्व डेटा के पंजीकरण करा सकती हैं। इस स्कीम के तहत पंजीकरण वर्तमान तिथि से मान्य होगा, जिससे उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी।
गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सुविधा सीमित अवधि के लिए उपलब्ध है, अतः सभी पात्र उद्यमियों को इसका शीघ्र लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नए बिल के अंतर्गत अब वे औद्योगिक इकाइयाँ भी ESIC के दायरे में आएंगी, जिनमें मात्र एक कर्मचारी कार्यरत है। इससे छोटे एवं सूक्ष्म उद्योगों को सामाजिक सुरक्षा कवरेज का सीधा लाभ मिलेगा।
चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा ने ESIC की इस उपयोगी योजना की विस्तृत जानकारी देने के लिए सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता का हार्दिक अभिनंदन किया तथा उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ESIC जैसी योजनाएँ उद्योगों और कर्मचारियों दोनों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करती हैं और इससे संगठित औद्योगिक विकास को बल मिलेगा।
बैठक में चैप्टर सचिव लवलीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, अशोक छारिया, राजेंद्र गुप्ता, वैभव गुप्ता, कपिल अरोड़ा, प्रशांत शर्मा, राजीव गुप्ता, लोकेश गोयल, संदीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, राजीव गर्ग, आयुष गर्ग, महेंद्र कंसल, बॉबी जैन सहित अनेक उद्योगपति एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा अंत में सचिव लवलीन गुप्ता ने सभी आगंतुकों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।






























