
हापुड़/गाज़ियाबाद, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के पटाखा कारोबारी जश्लोक, मेरठ के पटाखा कारोबारी सौरभ सिंघल और मोदीनगर निवासी अमित को गाजियाबाद पुलिस ने हिरासत में लिया है जिनके गाजियाबाद स्थित दो गोदामों से 12 करोड़ रुपए कीमत के पटाखे बरामद हुए हैं। एनसीआर में पटाखों के प्रतिबंध के बावजूद भी बड़े स्तर पर पटाखों का भंडारण किया गया था। दोनों गोदाम को सील कर दिया गया है। तीनों पटाखा व्यापारियों को हिरासत में लिया है। यह पटाखे मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, हरियाणा आदि क्षेत्रों में सप्लाई होने थे। यह बिंदु चौंकाने वाले:
– 42 ट्रक से अधिक अवैध पटाखे पकड़े
– दो गोदाम में था पटाखों का भंडारण
– 12 से अधिक कमरों में मिले पटाखे
– दमकल विभाग की टीम भी मौके पर तैनात
– अनुमानित वजन 3,440 कुंतल
– थोक में कीमत 6.15 करोड़, बाजार की कीमत 12 करोड़
गाजियाबाद के एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस को इनपुट मिला था कि थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव भोजपुर में अवैध रूप से पटाखे का भंडारण किया जा रहा है जिन्हें दीपावली पर बेचने के लिए यहां लाया गया है।15 बीघा में बने दो गोदामों में पटाखे बड़ी मात्रा में भरे हैं। इसके बाद पुलिस ने दमकल विभाग व अन्य विभागों के साथ मौके पर छापा मारा तो हालात देखकर टीम दंग रह गई। क्षेत्र के गांव भोजपुर में गोल्डन ट्रेडिंग एजेंसी में हुई छापामार कार्रवाई के दौरान पटाखों का जखीरा बरामद हुआ जिसके बाद दोनों ही गोदामों को सील कर दिया और पटाखों को भी कब्जे में ले लिया। फिलहाल तीनों व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि 2008 में पटाखों का लाइसेंस बनाया गया था जो अलग-अलग समय में रेनवाल हुआ था। किन परिस्थितियों में यह आगरा से रेनूए कराया गया इसकी जांच जारी है।
































