हापुड़ में दालों के भारी स्टाक
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): देश भर में दालों के उबलते हुए भावों का असर जनपद हापुड़ में भी दिखाई देने लगा है। हापुड़ में अरहर की दाल के भाव 180 रुपए प्रति किलो हो गए। हापुड़ में दालों के स्टाकिस्टों पर भारी स्टाक है और सूत्र बताते हैं कि एक-एक स्टाकिस्ट पर करोड़ों रुपए की दाल में स्टाक है।
त्योहारी मौसम में दालों की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए सरकार जरूरी कदम उठा सकती है। इसके तहत अरहर और उड़द दाल पर लगाई स्टॉक सीमा को दो महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है। सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 31 अक्तूबर 2023 तक दालों की स्टॉक सीमा निर्धारित की गई है। इसके साथ ही सरकार मूल्य स्थिरीकरण निधि (पीएसएफ) योजना के तहत किसानों की उपज के साथ-साथ घरेलू बाजार से आयातित मसूर दाल भी खरीदने की तैयारी कर रही है। मामले से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि दालों के उत्पादन में गिरावट और आयात में सुस्ती की संभावनाओं के मद्देनजर स्टॉक सीमा को कम से कम दो महीने के लिए बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि बढ़ती कीमतों के बीच जमाखोरी और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने जून में तुअर और उड़द दाल के स्टॉक पर सीमा लगा दी थी। 31 अक्तूबर तक थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं, मिल मालिकों और आयातकों जैसी कई संस्थाओं पर स्टॉक सीमा लागू है।
वेबसाइट और मोबाइल APP बनवाने के लिए संपर्क करें: 9105245101


























