डीटीओ ने मेडीकल परीक्षण के साथ ही क्षय रोग संवेदीकरण भी किया
रामा और सरस्वती मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का किया निरीक्षण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर स्वासथ्य विभाग की ओर से पुलिस लाइन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में जहां पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया वहीं जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश कुमार सिंह ने पुलिस कर्मियों का क्षय रोग के प्रति संवेदीकरण किया। स्वास्थ्य शिविर में डा. जुल्फिकार और डा. प्रीति के अलावा फार्मासिस्ट बिजेंद्र सैनी का सक्रिय सहयोग रहा। रेडक्रॉस सोसायटी, हापुड़ का सचिव होने के नाते डा. राजेश कुमार सिंह प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर रामा और मेडिकल कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण करने भी पहुंचे।
पुलिस लाइन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डीटीओ डा. सिंह ने खुद भी पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को क्षय रोग के लक्षणों और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डीटीओ ने पुलिस कर्मियों का प्रदूषण से ज्यादा पाला पड़ता है। प्रदूषण उनके फेफड़ों को प्रभावित करता है और वाहनों से निकला प्रदूषण टीबी का भी कारण बन सकता है, इसलिए उन्हें खासतौर पर सावधान रहने की जरूरत होती है। पुलिसकर्मी ट्रैफिक डयूटी के दौरान मॉस्क का प्रयोग करने का प्रयास करें। इसके साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराते रहें।
डीटीओ ने पुलिसकर्मियों को बताया दो सप्ताह से अधिक खांसी, खांसी में बलगम या खून आना, अचानक वजन कम होना, बुखार और रात में सोते समय पसीना आना क्षय रोग का लक्षण हो सकता है। ऐसे लक्षण आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर निशुल्क टीबी जांच कराएं। टीबी की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही क्षय रोग को उपचार जारी रहने तक निक्षय पोषण योजना के तहत हर माह पांच सौ रुपए का भुगतान क्षय रोगी के बैंक खाते में किया जाता है। यह राशि सरकार की ओर अच्छे पोषण के लिए दी जाती है।



























