हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली पुलिस ने एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करते हुए 11 अवैध तमंचे, दो अधबने तमंचे, एक रिवाल्वर, एक पोनिया, पांच जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में अवैध हथियार बनाने के उपकरण बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जो कि ऑन डिमांड हथियारों की सप्लाई करता था. सिंभावली पुलिस ने यह गिरफ्तारी डिबाई नहर पुल के पास स्थित पन चक्की के खंडहर से की है. गिरफ्तार किए गए आरोपी पर कई मामले दर्ज हैं जो विभिन्न जनपदों में हथियारों की सप्लाई करता था. अवैध तमंचा को चार से पांच हजार और अवैध रिवाल्वर को छह से सात हजार रुपए में बेचता था.
आपको बता दें कि मेरठ के किठोर निवासी हसीन पुत्र हाकम अली अवैध हथियारों की फैक्ट्री चला रहा था. हसीन का यह है धंधा काफी फल-फूल रहा था जो आसपास के क्षेत्रों में अवैध तमंचा और अवैध रिवाल्वर को बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था. आरोपी पर मेरठ में दो तथा बुलंदशहर में एक मामला पहले से ही दर्ज है और वह पैरोल पर बाहर आया हुआ है. सिंभावली पुलिस को सूचना मिली कि एक खंडहर में अवैध हथियारों की फैक्ट्री चलाई जा रही है जहां पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी हसीन को गिरफ्तार कर लिया जिसके कब्जे से 11 अवैध तमंचे, दो अधबने तमंचे, एक रिवाल्वर, एक पूनिया, पांच जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.





























