हापुड़: बंद मकान में छत से घुसे चोर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जवाहर गंज में बन्द पड़े मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। रविवार को जब मकान मालिक ने मकान खोला तो हालात देखकर दंग रह गया। बताया जा रहा है कि चोर पिछले कुछ दिनों से मकान में इत्मीनान से चोरी कर रहे थे जिन्होंने अलमारी, संदूक, कमरों के ताले तोड़कर चोरी की।
मोहल्ला जवाहर गंज में एक मकान पिछले कई दिनों से बन्द पड़ा है। यह मकान पूरन चंद्र वर्मा ने कैलाश चंद्र वर्मा को बेचा है। रविवार को मोहल्लेवासी गली में टहल रहे थे। इसी बीच उनकी नजर मकान की ऊपरी मंजिल पर घूम रहे कुछ लोगों पर पड़ी जिसे देखकर उन्हें शक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऊपरी मंजिल के एक कमरे की लाइट भी जली हुई थी और छज्जे में एक चादर लटकी देख उन्होंने तुरंत मकान मालिक को अवगत कराया। जानकारी मिलने पर मकान मालिक मौके पर पहुंचे। जब वह घर के भीतर दाखिल हुए तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। संदूक, अलमारी, कमरों के ताले टूटे हुए थे। बताया जा रहा है कि छत पर एक सीढी भी मिली जिसके जरिए चोर मकान में दाखिल हो रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
































