हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी की गली नंबर 10 के पास स्थित एक मकान में पिछले तीन दिनों से एक व्यक्ति की लाश पड़ी थी। गुरुवार को मृतक के ससुराल पक्ष के लोग जब घर पहुंचे तो बाहर से लगी कुंडी देख उन्हें शक हुआ। बताया जा रहा है कि मकान से काफी ज्यादा बदबू आ रही थी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो हालत देखकर सभी दंग रह गए। मृतक के हाथ रस्सी से बंधे हुए थे जिसकी लाश जमीन पर पड़ी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम मामले की छानबीन में जुट गई।
35 वर्षीय मुकेश पुत्र खजान सिंह टेंट हाउस का काम करता था जिसकी घर के पास ही एक परचून की दुकान भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से परचून की दुकान बंद थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले मुकेश अपनी पत्नी और तीन बच्चों को बुलंदशहर के गांव स्माइलपुर स्थित अपने ससुराल छोड़ कर लौत आया था। वापस लौटने के कुछ समय बाद मुकेश का फोन स्विच ऑफ हो गया। ससुराल पक्ष के लोग लगातार मुकेश से संपर्क करने का प्रयास करते रहे लेकिन फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया। गुरुवार को ससुराल पक्ष के लोग हापुड़ के लज्जापुरी पहुंचे तो बाहर से मकान की कुंडी लगी देख उन्हें शक हुआ। बताया जा रहा है कि मकान से काफी ज्यादा बदबू आ रही थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीतर दाखिल हुई तो देखा कि मुकेश की लाश खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी जिसके हाथ भी बंधे हुए थे। फॉरेंसिक टीम और हापुड़ पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
एक ही फोन पर कराएं किसी भी तरह का इंश्योरेंस: 9756129288:



























