हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की बुलंदशहर रोड का निर्माण हाल ही में किया गया था लेकिन सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे होने की वजह से राहगीर यहां हादसे का शिकार हो रहे हैं। ठेकेदार और संबंधित विभाग तो सुनने को तैयार ही नहीं है लेकिन स्थानीय लोगों ने एक अनूठी पहल कर गड्ढे भरने का जिम्मा उठाया है। आपको बता दें कि बुलंदशहर रोड पर सीवर लाइन बिछाने के कई महीनों बाद सड़क का निर्माण कराया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है जिसके चलते सड़क पर जगह-जगह गहरे-गहरे गड्ढे हो चुके हैं। आए दिन बाइक सवार इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने कई बार कर्मचारियों को मामले से अवगत कराया लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। आलम यह है कि रविवार की रात जब एक बाइक सवार गड्ढे में गिर कर चोटिल हो गया तो उसके पश्चात स्थानीय लोगों ने ही उसे उठाया और गड्ढों को भरने का संकल्प लिया।
आसपास पड़े सीमेंट और कट्टो की मदद से गड्ढों को स्थानीय लोग भर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की जांच होनी चाहिए और यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई हो। सड़क पर कुछ ही दिनों में हुए गहरे गहरे गड्ढों से अधिकारियों की लापरवाही की पोल खुल रही है और लोगों के आरोपों को बल मिल रहा है।
































