
हापुड़: हाईकोर्ट के आदेश पर तीन थानों की फोर्स के साथ हटाई अवैध रूप से बनी झुग्गी
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ की गढ़ रोड पर घुमंतु जातियों के लोगों ने सड़क किनारे अपनी झुग्गी-झोपड़ियां बनाई हुई है। ऐसे में एक झुग्गी को पुलिस-प्रशासन की टीम ने हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार की सुबह भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गिरा दिया और इसमें रहने वाले लोगों को हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर नगर पालिका द्वारा लगाए गए रैन बसेरे में शिफ्ट किया। जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से सड़क किनारे बनी झुग्गी को हटाया और हाई कोर्ट के आदेश का पालन कराते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
हापुड़ सदर एसडीएम इला प्रकाश ने बताया कि एक व्यक्ति के मकान के बाहर घुमंतू जाति के लोगों ने झुग्गी बना ली और वहां रहने लगे। करीब 18 से 20 वर्षों से यह लोग यहां रह रहे थे। ऐसे में मकान मालिक ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर झुग्गी को हटाया गया है।
इस दौरान नगर पालिका ने भी अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया। मकान मालिक द्वारा दायर की गई रिट के आधार पर हाईकोर्ट ने झुग्गी को हटाने का आदेश दिया। इसके पश्चात मंगलवार की सुबह हापुड़ एसडीएम इला प्रकाश, सीओ हापुड़ वरुण कुमार मिश्रा एवं ईओ नगर पालिका तीन थानों की फोर्स के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्राली लेकर पहुंचे जहां जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
इस दौरान महिला पुलिस भी मौजूद रही। बॉडी प्रोटेक्टर पहनकर हापुड़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट, देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता, बाबूगढ़ थाना प्रभारी मुनेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे रैन बसेरे में यहां रहने वाले लोगों को शिफ्ट कराया।
एक कॉल पर लगवाएं रेडीमेड बाउंड्री : 9027125102, 9105625102 || शानदार क्वालिटी
































