हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी में एक मकान में बुधवार की सुबह अचानक आग लग गई। धुंआ उठता हुआ देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई जिन्होंने दमकल विभाग को सूचित किया। वहीं समझदारी का परिचय देते हुए पड़ोसियों ने बाल्टी व पाइप की मदद से आग को काफी हद तक बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। घर में तीन बच्चे व एक व्यक्ति मौजूद थे जो हादसे के दौरान बाल-बाल बच गए। आग को इतने नजदीक से देखकर परिजन सहम गए।
बिहार निवासी मित्रा देवी अपने परिजन और बच्चों के साथ मकान में रहती है। मित्रा देवी की एक बेटी दिव्यांग है। महिला किसी तरह लोगों के घरों में बर्तन मांझ कर अपना घर चलाती है। मामला उस समय का है जब महिला कहीं गई हुई थी और घर में उसके बच्चे व अन्य परिजन मौजूद थे। इसी बीच किन्हीं कारणों से घर में आग लग गई। आग को देखते हुए बच्चे व अन्य परिजन तुरंत बाहर आ गए। पड़ोसियों ने दमकल विभाग और बिजली विभाग को मामले से अवगत कराया तथा आग पर काबू पाने के लिए उस पर पानी डालने लगे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि एक छोटी गाड़ी की मदद से ही दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में रजाई गद्दे और सिलेंडर आ गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते सिलेंडर को आग से अलग कर दिया और किसी को चोट नहीं आई। आग बुझने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
































