
जनपद हापुड़ ने शिक्षा के क्षेत्र में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा
हापुड, सीमन (ehapurnews.com):हापुड जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज, अनूपपुर डिबाई, जनपद- हापुड़ में कार्यरत वरिष्ठ विज्ञान शिक्षक अमित कुमार शर्मा का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 के लिए किया गया है।
पूर्व में जनपदीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके शर्मा ने इस उपलब्धि से जनपद हापुड़ का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। वे जनपद हापुड़ के पहले माध्यमिक शिक्षक हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित राज्य सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
शिक्षक अमित कुमार शर्मा को 5 सितंबर 2026 (शिक्षक दिवस) के अवसर पर लखनऊ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक, हापुड़ डॉ. श्वेता पूठिया सहित जनपद के सभी शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं अधिकारियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इन आनंदमय क्षणों में उनके परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई। माता श्रीमती सुशीला शर्मा ने मिठाई खिलाकर पुत्र को शुभाशीष दिया, वहीं पत्नी श्रीमती प्रियंका शर्मा एवं पुत्र प्रज्ञान शर्मा ने भारतीय संस्कृति की परंपरा अनुसार आरती उतारकर, पुष्पगुच्छ एवं मिठाई भेंट कर उनका स्वागत किया।
श्री शर्मा की इस सफलता से समूचे जनपद के शिक्षकों में उत्साह, गर्व एवं प्रेरणा की नई ऊर्जा संचारित हुई है।
बधाई देने वालों में शिक्षकों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने इस उपलब्धि को जनपद हापुड़ के लिए ऐतिहासिक व प्रेरणादायक क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ईश्वर से मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं।
वहीं शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक श्री गोविंद सिंह त्यागी ने शिक्षक अमित कुमार शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की उन्होंने कहा अमित शर्मा काफी प्रतिभाशाली हैं l उनकी लगन , निष्ठा और समर्पण से उन्हें यह सम्मान मिला है जो जनपद की एक प्रमुख उपलब्धि तथा स्वर्णिम अध्याय हैl
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739

























