
हापुड़: मोती कॉलोनी में घर में घुसकर दो सगे भाइयों की हत्या का प्रयास
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोती कॉलोनी में गुरुवार की रात दो पक्षों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि बच्चों के विवाद में बड़े भी कूद पड़े। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने घर में घुसकर दो सगे भाईयों की हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
हापुड़ के मोहल्ला मोती कॉलोनी के रहने वाले सगे भाई गुलफाम और फुरकान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गुरुवार की रात उनके और मोहल्ले के कुछ लोगों के बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों भाई बच्चों को समझाने के लिए पहुंचे लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के लोग आग बबूला हो गए जिन्होंने रात के अंधेरे में दोनों भाइयों के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और धारदार हथियारों से वार किया। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी मौके से हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। गुलफाम और फुरकान हापुड़ कोतवाली पहुंचे। दोनों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601

































