हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यामनगर स्थित रेलवे लाइन के पास कच्चे रास्ते पर हथियारों से लैस छह आरोपियों ने तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। उसके बाद तीनों बेहोश हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच करने की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार गांव श्याम नगर निवासी मनोज पुत्र हेम सिंह छह सितंबर की दोपहर बाद पशुओं को खेतों पर चराने के लिए ले गया था। इसी बीच उसने देखा कि बाइक पर सवार होकर आ रहे राजू और नरेंद्र को कुछ लोगों ने रेलवे लाइन के पास रोक लिया। हथियारों से लैस करीब आधा दर्जन दबंग नरेंद्र और राजू से लूटपाट करने लगे। तहरीर के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। शोर सुनकर पास खड़ा मनोज दोनों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने मनोज को भी पीट-पीट कर लहू लुहान कर दिया। इस दौरान तीनों घायल हो गए। आरोपियों ने राजू की जेब से 6500 रुपए, नरेंद्र के हाथ से सोने का कड़ा और मनोज की जेब में रखे 700 रुपए और तीनों से मोबाइल लूट कर फरार हो गए।

मौके से गुजर रहे राजगीरों की नजर घायलों पर पड़ी जिन्होंने अन्य ग्रामीणों को सूचित किया। इसके पश्चात तीनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनोज के भाई अशोक ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457




























