
गुड़िया की मौत का मामला: सुरेंद्री क्लीनिक सील, खान अस्पताल को नोटिस भेजने की तैयारी
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र की बछलौता रोड पर स्थित सुरेंद्री क्लीनिक में हुई बुलंदशहर के गांव भैंसाखुर निवासी यश की 22 साल की पत्नी गुड़िया की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनियमितता मिलने पर सुरेंद्री क्लीनिक को सील कर दिया है। इसी के साथ खान अस्पताल को भी नोटिस जारी किया है। खान अस्पताल में गर्भवती महिला गुड़िया का ऑपरेशन हुआ था। डिलीवरी के एक घंटे बाद ही महिला को छुट्टी दे दी गई। ऐसे में छुट्टी देने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इतने बड़े ऑपरेशन के पश्चात आखिर खान अस्पताल ने छुट्टी कैसे दी थी? यह सवाल बना हुआ है।
गुड़िया गर्भवती थी जिसे बछलौता रोड पर स्थित सुरेंद्री क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी करने के लिए सुरेंद्री क्लीनिक के चिकित्सक उसे हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित खान हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहां डिलीवरी करने के एक घंटे बाद ही सुरेंद्री क्लिनिक के चिकित्सक उसे वापस ले गए। इतने बड़े ऑपरेशन के बाद खान अस्पताल ने आखिर गुड़िया को छुट्टी कैसे दे दी? जब सुरेंद्री क्लीनिक में गुड़िया को पुन: भर्ती कराया गया तो वहां इलाज में लापरवाही पर गुड़िया की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा किया जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुरेंद्री क्लीनिक को सील कर दिया जबकि खान अस्पताल को नोटिस भेजा जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार की शाम को गुड़िया को प्रसव पीड़ा होने पर क्लीनिक में भर्ती कराया गया। पहले तो स्टाफ सामान्य प्रसव की बात करने लगा लेकिन शाम को उसने ऑपरेशन की जरूरत बताते हुए हापुड़ के खान अस्पताल ले जाने का फैसला लिया। परिजनों ने अच्छे अस्पताल ले जाने की बात कही लेकिन चिकित्सक खान अस्पताल लेकर पहुंचे। ऑपरेशन करने के 1 घंटे के भीतर ही गुड़िया को चिकित्सक वापस सुरेंद्री क्लीनिक लेकर पहुंचे जहां उसे काफी दर्द हुआ। वह दर्द से तड़प रही थी लेकिन चिकित्सक उसे बार-बार दर्द निवारक इंजेक्शन लगा देते। बुधवार की सुबह गुड़िया का पेट फूलना शुरू हो गया लेकिन स्टाफ ने कहा कि यूरिन रुक रहा है। बैग लगाते ही यह समस्या खत्म हो जाएगी। कुछ देर बाद हालत बिगड़ी और गुड़िया को सांस लेने में परेशानी हुई तो परिजनों ने ऑक्सीजन लगाने की बात की लेकिन क्लीनिक में ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी। परिजनों ने एंबुलेंस मांगी तो एंबुलेंस भी नहीं मिली। इसके बाद परिजन अपनी निजी कार से गुड़िया को हापुड़ के अस्पताल में उपचार कराने के लिए रवाना हुए तो रास्ते में गुड़िया ने दम तोड़ दिया। सुरेंद्री क्लीनिक में अनियमितता मिलने पर उसे सील किया गया है।
मात्र एक रुपए में लोन करा कर घर ले जाओ AC, फ्रिज, वाशिंग मशीन: 9536777474

























