हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के गंगा नगर आलमगीरपुर बंगाली कॉलोनी में पिछले करीब 40 वर्षों से रह रहे लोगों के आशियाने पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जिस जमीन पर यहां लोग रह रहे हैं वह वन विभाग की है जिसे खाली कराने के लिए वन विभाग ने नोटिस जारी किया है। हालांकि पहले खेती की जमीन को खाली कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
गंगा के बीच टापू पर गंगा नगर के नाम से करीब चालीस वर्ष पहले यहां लकड़ी के मकानों की नगरी को बसाया गया था। गांव में बंगाली समुदाय के 120 परिवार के करीब 600 लोग यहां रह रहे हैं। ऐसे में वन विभाग जमीन खाली कराने की तैयारी में है। बताया जा रहा है तीर्थ नगरी बृजघाट के गंगानगर में बायोडायवर्सिटी पार्क के दायरे में आने वाली जमीन को खाली कराने के लिए वन विभाग ने गांव वासियों को नोटिस जारी किया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 1986 में सरकार द्वारा प्रस्तावित पट्टे की भूमि उन्हें आवंटित की गई थी और उन्हें हर सुविधा मुहैया कराने का वादा किया गया था जो बिना बिजली, सड़क, पानी और स्कूल के आज तक के जीवन यापन कर रहे हैं लेकिन वन विभाग के द्वारा भूमि खाली कराने को दिए गए नोटिस के बाद कहीं ना कहीं बस्ती उजड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
वहीं रोते बिलखते मायूस चेहरों ने सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि जमीन खाली करके वह कहां जाएंगे?


























