
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला गुरुवार को सामना आया जब थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने गुरुवार को मंडी समिति हापुड़ में इंस्पेक्टर गौरव चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जिसने सरकारी खाते की जगह अपने निजी खाते में रुपए डलवा लिए। अवैध वसूली के मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 व 13 के तहत रिश्वतखोर के खिलाफ गुरुवार शाम को मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार गौरव चौहान ने 8 अक्टूबर की रात 7:30 बजे गढ़ कोतवाली क्षेत्र में मंडी से निकला ट्रक रोका और ट्रक चालक जितेंद्र कुमार से कहा कि अपने मालिक से बात कराए जिसके बाद कागजातों में कमी के नाम पर 1,36,000 रुपए की पेनल्टी लगाने की बात कही। इस दौरान रिश्वतखोर ने सेटलमेंट करते हुए 20-20 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर कराई गई। इसी के साथ 9,500 रुपए मुकेश नाम के व्यक्ति के खाते में कराए। इसी बीच चालक ने कहा कि वह उन्हें रसीद दे और ट्रक छोड़े लेकिन रिश्वतखोर ने ट्रक नहीं छोड़ा और ना ही रसीद दी और लगातार और पैसे मांगता रहा। मामले में गौरव चौहान मंडी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और मामले में कार्रवाई की मांग की जिसके बाद गढ़ कोतवाली पुलिस ने नई दिल्ली के यचित सरोहा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































