
गढ़: ऑटो व ई-रिक्शा चालकों ने चेयरमैन के घर के बाहर किया हंगामा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में नगर पालिका ने शासन के आदेश पर क्षेत्र में चलने वाली ई-रिक्शा और ऑटो के स्टैंड का ठेका छोड़ा। इसके विरोध में बुधवार को ई-रिक्शा व ऑटो चालकों ने पालिका अध्यक्ष राकेश बजरंगी के घर के बाहर जमकर हंगामा किया।
गढ़मुक्तेश्वर में तहसील रोड पर स्थित नगर पालिका के अध्यक्ष राकेश बजरंगी के घर के बाहर बुधवार को ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसकी ऑटो चालक व ई-रिक्शा चालकों से कहासुनी हुई। ऑटो चालक व ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि वह जैसे तैसे करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। गढ़ नगर पालिका द्वारा अब स्टैंड का ठेका छोड़ दिया गया है जिसकी वजह से प्रत्येक ई-रिक्शा और ऑटो चालक को प्रतिदिन 29 रुपए 58 पैसे का भुगतान करना होगा। ऐसे में उनके सामने कई तरह के संकट खड़े हो जाएंगे। चालकों ने अपने ई-रिक्शा और ऑटो चेयरमैन के आवास के बाहर से लेकर शहर को जाने वाले सड़क पर खड़े कर दिए जिसकी वजह से जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालकों को समझाया।

























