हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गढ़-अमरोहा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुंवर दानिश अली द्वारा टीपू सुल्तान के पक्ष और नाथूराम गोडसे के खिलाफ टिप्पणी करने पर राजनीति में उबाल आ गया है। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक कमल मलिक ने बयान दिया है और सांसद कुंवर दानिश अली के बयान की निंदा की है। पूर्व विधायक कमल मलिक ने कहा कि सांसद दानिश अली एक विचारधारा के खिलाफ लड़ाई लड़ने को तैयार हैं और जिस विचारधारा के खिलाफ वह लड़ने को तैयार हैं… वह राष्ट्र की सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा है लेकिन वह बोल रहे हैं कि उनके पूर्वज भी इसी संस्कृति विचारधारा से आते थे। ऐसे में उन्हें इस बात का चिंतन करना चाहिए और राष्ट्रवाद बनाने पर साथ देना चाहिए।
बता दें कि कुंवर दानिश अली ने 17 फरवरी की शाम 4:00 बजे अपने फेसबुक पर एक पोस्ट किया उन्होंने पोस्ट में लिखा कि
“मुझे गर्व है कि मैं भारत के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी और देश की आज़ादी के लिये शहादत देने वाले #TipuSultan का फ़ॉलोअर हूँ। इसी लिये आज मैंने श्रीरंगपटना स्थित समर पैलेस पहुँचा और टीपू सुल्तान के मज़ार पर हाज़िरी दी।
आज़ाद भारत के सबसे पहले अतंकवादी नाथुराम गोडसे के अनुयायियों, मैं आपके साथ एक वैचारिक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हूँ क्योंकि मैं टीपू सुल्तान, महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉक्टर अंबेडकर और मौलाना आज़ाद का अनुयायी हूं।” जिसके बाद जगह-जगह कुंवर दानिश अली का विरोध शुरू हो गया है। अमरोहा में अल्पसंख्यक मोर्चा ने कुंवर दानिश अली का पुतला फूंका और कहा कि कुंवर दानिश अली अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।




























