
बाबूगढ़ के कुटू आटा विक्रेता के प्रतिष्ठान पर खाद्य विभाग का छापा
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): कस्बा बाबूगढ़ में कुटू के आटे से बने पकवान खाने पर एक ही परिवार के चार सदस्यों के बीमार होने की खबर पर खाद्य अधिकारी ने सोमवार को कुटू का आटा बेचने वाले व्यवसायी कैलाश चंद किराना स्टोर पर छापामार कर कुटू के नमूने लिए और जांच के लिए नमूनों को भेजा है।
खाद्य अधिकारी शिवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार ने दुकान के विरुद्ध आनलाइन व आफलाइन शिकायत की है कि कैलाश किराना स्टोर से उन्होंने कुटू का आटा लाकर उसका पकवान बनाया था जिसके खाने से परिवार के सदस्य बीमार हो गए है। इस शिकायत पर उन्होंने सोमवार को कैलाश किराना स्टोर पर छापामार कार्रवाई की है और कुटू के आटे के नमूने जांच के लिए भेजे है।
बता दें कि कस्बा बाबूगढ़ के मुकेश शर्मा के परिवार के सदस्यों ने रविवार को कैलाश किराना स्टोर से कुटू का आटा खरीद कर उसके पकवान बनाए थे। कुटू के आटे से बने पकवान खाने से उनके परिवार के चार सदस्य बीमार हो गए। जिन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गृहस्वामी मुकेश शर्मा का आरोप है कि दुकानदार ने उन्हें घटिया क्वालिटी का आटा बेचा है जिसपर उत्पादन व एक्सपायरी की कोई तिथि अंकित नही है। मुकेश शर्मा ने खाद्य विभाग को शिकायत कर जांच की मांग की है।
ऋषभ चाप कॉर्नर पर रोटी-सब्जी, चाऊमीन, चाप, रोल सब कुछ उपलब्ध: 7248495020

























