भ्रष्टाचार के खिलाफ किसानों ने किया तहसील का घेराव
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने गुरुवार को हापुड़ तहसील में धरना देकर प्रदर्शन किया और अवैध उगाही के खिलाफ आवाज उठाई। साथ ही उन पटवारियों के खिलाफ भी एक्शन की मांग की जिन्होंने किसानों से रिश्वत ली। मामला गर्माता देख अधिकारियों ने पटवारी द्वारा लिए गए रुपयों को वापस भेजा और दोनों पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी के नेतृत्व में गुरुवार को किसान नेता विभिन्न मांगों को लेकर हापुड़ तहसील पहुंचे और धरने पर बैठ गए। ज्ञानेश्वर त्यागी ने कहा कि एक पटवारी ने खसरे की नकल के नाम पर 200 रुपए ऐंठ लिए जबकि सरकारी फीस 20 रुपए है। वहीं एक पटवारी ने किसान का पिछले छह महीने से दाखिल खारिज रोका हुआ है और वह रिश्वत की मांग कर रहा है। दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान अधिकारी ने पटवारी द्वारा लिए गए 200 रुपए किसान को सौंपे और दोनों पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान राजकुमार त्यागी, विपिन कुमार, राकेश त्यागी, प्रदीप ज्ञानी, मुन्ना नामरदार, धर्मेंद्र, देवेंद्र त्यागी आदि उपस्थित रहे।
























