हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : अग्निपथ योजना के विरोध में शुक्रवार को जनपद हापुड़ का किसान सड़कों पर उतर आया और उन्होंने तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। किसान अग्निपथ योजना को वापिस लेने की मांग कर रहे थे। संयुक्त किसान मोर्चा ने 24 जून को अग्निपथ योजना के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।
जनपद हापुड़ के गांव ततारपुर,सीतादई, लालपुर, धनौरा, उपैड़ा आदि से बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टरों व निजी गाड़ियों से तहसील की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारी किसान अग्निपथ के विरोध में नारे लगा रहे थे। हापुड़ में किसानों की अगुवाई भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने की। किसानों ने तहसील परिसर में पहुंचकर धरना देकर प्रदर्शन किया। किसान अग्निपथ योजना वापिस लेने, गन्ना भुगतान करने तथा किसानों का शोषण व उत्पीड़न बंद करने की मांग कर रहे थे। किसानों ने मांग के समर्थन में एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी को दिया।

























