हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): निराश्रित पशु लगातार किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। अन्नदाता की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। 31 मार्च तक जिले को निराश्रित पशु मुक्त घोषित किया जाना था लेकिन अभी भी सैकड़ों आवारा पशु खेतों, सड़कों, ग्रामीण इलाकों में घूम रहे हैं जिसकी वजह से गुस्साए किसान बुधवार को जनपद के चारों ब्लॉकों में पहुंचे और आवारा पशुओं को ब्लॉक में बंद कर अपना विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने प्रदर्शन भी किया और नारेबाजी भी की। ब्लॉक कार्यालय में आवारा पशुओं को देख कर्मचारियों ने उन्हें भगाना शुरू कर दिया लेकिन किसानों ने पशुओं को बाहर नहीं आने दिया और वापस अंदर भेज दिया जिससे कर्मचारियों व अधिकारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। आवारा पशुओं के आतंक से परेशान किसान निराश्रित पशुओं के साथ हापुड़ ब्लॉक, सिंभावली ब्लॉक, गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक और धौलाना ब्लॉक पहुंचे और पशुओं को ब्लॉक में बांध दिया। किसानों का कहना है कि बिन मौसम बरसात, तारों से निकलती चिंगारी, निराश्रित पशु लगातार उनकी फसल को बर्बाद कर रहे हैं। किसान को लगातार नुकसान हो रहा है। यदि उनकी समस्याओं को दूर नहीं किया तो वह प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों द्वारा मिले आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया।




























