लाखों का बिजली बिल देख किसान बेहोश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में किसान के दो नलकूपों का बिजली बिल 20 लाख से ज्यादा का आ गया जिसे देखकर किसान को चक्कर आ गए और उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसको अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के ज्यादातर किसानों के बिजली बिल मोटी धनराशि के आ रहे हैं। इसको लेकर किसान संगठनों में रोष है। किसानों ने दो सितंबर को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना देने का एलान किया है।
गांव ददायरा के रहने वाले मुखिया हुकम सिंह किसान हैं और उनके दो नलकूप है। उनका कहना है वह अपने नलकूपों का बिल हर महीने जमा कराते हैं। अब उनके दोनों नलकूपों के बिल पहुंचे, बिल देख उनके होश उड़ गए। उनके नलकूप का बिजली का बिल 20 लाख 50 हजार 657 रुपये का पहुंचा, जिसे देख उन्हें चक्कर आ गए।
परिवार के लोगों ने उनको स्थानीय डॉक्टर को दिखाया, जहां पर प्राथमिक इलाज के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। वहीं गांव जरौठी के किसान टीकम सिंह भी अपना बिजली बिल हर महीने जमा कराते हैं। उनके पास भी बिजली का बिल पहुंचा। बिल की धनराशि 7 लाख 75 हजार 307 रुपये थे। किसानों का कहना है कि इसी तरह गांव के कई लोगों के बिजली बिल अंधाधुंध धनराशि के पहुंचे है।
किसान ने बताया कि क्षेत्र के आधे से ज्यादा किसानों के बिल मोटी धनराशि के आ रहे हैं। पावर कारपोरेशन के स्थानीय अधिकारियों से पहले भी कई बार शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं निकला। डीएम कार्यालय पर 2 सितंबर को धरना प्रदर्शन करेंगे।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010


























