हापुड, सीमन/ अशोक तोमर (ehapurnews.com): हापुड़-मेरठ बाईपास पर ट्रैक्टर ट्राली और कैंटर की भिड़ंत में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के हापुड़ मेरठ 235 हाईवे पर गुरुवार की देर शाम ददायराओवर ब्रिज के पास गांव धनौरा निवासी नितेश त्यागी पुत्र राजकुमार त्यागी ट्रैक्टर ट्राली से आलू का बीज लेने नवीन मंडी जा रहा था जैसे ही वह ददायरा रेलवे फाटक के पास पहुंचा तो मेरठ से आ रहे कैंटर ने ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर रोड से नीचे गिर गया। इस दौरान ट्रैक्टर ने कई बार पलटी खाई जिससे नितेश की मौके पर ही मौत हो गई।
एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नितेश को सीएचसी में भर्ती कराया जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आगरा निवासी कैंटर चालक नौबत सिंह को हिरासत में लेकर कैंटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
































