
किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) एकलव्य सिंह सहारा के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल अधिकारियो से मिला, जहाँ एक सफल वार्ता हुई।
वार्ता में एकलव्य सिंह सहारा ने कहा कि एक कंपनी किसानों से एग्रीमेंट करने के बाद भी उनका भुगतान नहीं कर रही है। किसानों को लगातार फ़ोन के माध्यम से बरगलाया जा रहा है तथा उनकी उपज (आलू) को कोल्ड स्टोरेज में रखकर शोषण किया जा रहा है। इस कारण किसान गहरे आर्थिक संकट में पहुँच गए हैं। मामला डीएम तक पहुंचा तो उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और कड़ा निर्णय लेते हुए जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश एवं जिला उद्यान अधिकारी हरित कुमार को कंपनी के विरुद्ध तत्काल उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए।
इसके पश्चात भाकियू का प्रतिनिधिमंडल जिला उद्यान अधिकारी एवं जिला कृषि अधिकारी से मिला और ज्ञापन सौंपते हुए जिला अधिकारी के आदेशों के अनुसार त्वरित कार्यवाही की मांग रखी।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जिला अधिकारी अभिषेक पांडेय, जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश एवं जिला उद्यान अधिकारी हरित कुमार के इस त्वरित एवं न्यायपूर्ण निर्णय का स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि किसानों का शोषण करने वाली कंपनियों पर इसी प्रकार सख़्त कार्रवाई होती रहेगी जिससे किसानों का हक़ और मेहनत का उचित मूल्य सुरक्षित रह सके।
प्रतिनिधिमंडल में परमजीत सिंह अटोला, मोहित सिद्धू, शेखर चौधरी, संदेश गिल, विनय बाना, सुनील टाइगर, भानु सिद्धू, विशाल सिद्धू, अंकित चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Brainwaves International School: Admissions Open 2025-26 (Playgroup – Grade XI)

































