हापुड़ सूवि(ehapurnews.com): मुख्य विकास अधिकारी ने जिला उद्योग बंधु की बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के संबंध में समीक्षा की जिसमें पाया कि जनपद में निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों में 25 प्रकरण लंबित पाए गए। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निवेश मित्र पोर्टल उद्यमियों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है। अतः सभी संबंधित अधिकारी इस पोर्टल पर प्राप्त होने वाले प्रकरणों में गहनता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय अवधि के भीतर प्रकरणों का निपटारा सुनिश्चित करें ताकि जनपद के उद्यमियों को सरकार की मंशा के अनुरूप लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमी संगठनों से जुड़े हुए समस्त प्रतिनिधियों की समस्याओं को बहुत ही गहनता के साथ अनुश्रवण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उद्यमी प्रतिनिधियों के द्वारा उद्योगों से जुड़ी हुई जो समस्याएं आज उद्योग बंधु की बैठक में रखी गई हैं संबंधित विभागीय अधिकारी गण अभियान चलाकर सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जनपद में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के संबंध में जो आवेदन पत्र उद्यमियों के द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे हैं सभी संबंधित अधिकारियों के द्वारा उन पर सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक उद्योगों का संचालन संभव हो सके। इस अवसर पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर अनवरत रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर स्तर पर विशेष प्रयास सुनिश्चित किए जाएं ताकि सभी उद्योग अनवरत रूप से संचालित हो सके उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से यह भी कहा कि उद्यमियों के सम्मुख विद्युत के संबंध में आने वाली समस्याओं का निराकरण तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करें। उद्यमी ललित अग्रवाल ने अटल पार्क में पार्किंग तथा हापुड को जल भराव से मुक्ति दिलाने की मांग की।बैठक का सफल संचालन उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र के द्वारा किया गया। बैठक में संबंधित अधिकारियों के अलावा अमन गुप्ता,ललित अग्रवाल, बिजेंद्र पंसारी आदि उद्यमी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

































