हापुड़, सीमन (ehapur news): जनपद हापुड़ के थाना सिम्भावली पुलिस व एसओजी पुलिस टीम की शुक्रवार की मध्य रात्रि को चैकिंग के दौरान बाइक सवार दो हथियार बंद बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान मिथुन व हिमांशु के रूप में की गई है जिन 25-25 हजार रूपए का इनाम घोषित था।घायल बदमाशों पर गांधी जयन्ती के दिन गांव देवली में सुबह के वक्त घूमने निकले तीन ग्रामीणों पर फायरिंग करने का आरोप है।
अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश मिश्र ने बताया कि एक इनपुट पर थाना सिम्भावली पुलिस व एसओजी पुलिस टीम शुक्रवार की रात को गांव डिबाई-देवली मार्ग पर चैकिंग कर रही थी कि एक बाइक सवार दो बदमाशों को पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो वे पुलिस पर फायरिंग करके भाग खड़े हुए।पुलिस ने भी जबावी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हो गये।घायलों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।घायल बदमाशों की पहचान 25-25 हजार रूपये के इनामी बदमाश हिमांशु व मिथुन के रूप में की गई है।घायल बदमाशों पर 2अक्तूबर के दिन गांव देवली में सुबह के वक्त घूमने निकले तीन ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग करने का आरोप है।
पुलिस को बदमाशों के कब्जे से एक बाइक, एक पिस्टल व एक तमंचा,जिंदा व खोखा कारतूस मिले हैं।इस देवली कांड की साजिश कर्ता गोविंद पुरी किठौर की एक महिला पूनम व एक व्यक्ति अंकित को पुलिस गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। बता दें कि गांव देवली में दो अक्तूबर के दिन सुबह के वक्त वीरेंद्र भाटी,सुजीत भाटी व सैफुद्दीन घूमने के लिए निकले थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां चलाकर तीनों को घायल कर दिया।घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान सैफुद्दीन ने दम तोड़ दिया जबकि वीरेंद्र व सुजीत का अभी भी इलाज चल रहा है।

























