
हापुड़ के सिमरोली गांव में टूटा पड़ा बिजली खंभा, किसान परेशान, सिंचाई ठप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जिले के ग्राम सिमरोली में इन दिनों किसानों को बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बाबूगढ़ विद्युत उपकेंद्र के सामने, भगवत सैनी के खेत में एक ग्यारह हजार वोल्ट का खंभा बीते कई दिनों से टूटा पड़ा है, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।
खंभे के टूटने का सबसे सीधा असर गांव के किसानों पर पड़ा है। किसान अनुराग शर्मा, वैभव शर्मा सहित कई किसानों की ट्यूबवेल बंद पड़ी हैं, जिससे खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। परिणामस्वरूप धान व अन्य खरीफ फसलें सूखने की कगार पर पहुंच चुकी हैं।
किसानों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। खंभे की मरम्मत तो दूर, स्थानीय कर्मचारियों ने अभी तक स्थल का निरीक्षण भी नहीं किया है।
ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से उनकी महीनों की मेहनत और फसल दोनों बर्बाद हो जाएंगी।
एक कॉल पर लगवाएं रेडीमेड बाउंड्री : 9027125102, 9105625102 || शानदार क्वालिटी































