हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में बिजली कर्मियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार किया और गुरुवार की रात 10 बजे से 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल की चेतावनी दी। विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान कैश काउंटर बंद रहे, ब्रेकडाउन आदि से जुड़ा कार्य नहीं हुआ। विद्युत कर्मियों ने कहा कि वह कार्य में किसी तरह का व्यवधान पैदा नहीं करेंगे लेकिन कोई कार्य भी नहीं करेंगे।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत कर्मचारी हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी में स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर पहुंचे और कार्य बहिष्कार किया गया। इस दौरान ईश्वर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष तीन दिसंबर को विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश एवं ऊर्जा मंत्री के साथ एक बैठक हुई जिसमें लिखित समझौता हुआ लेकिन लिखित समझौते को अभी तक लागू नहीं किया गया जिसके चलते नाराज कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि मंगलवार को कर्मचारियों की बैठक ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के साथ हुई थी जो बेनतीजा रही। ऐसे में विद्युत कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया जिनका कहना है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वह 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल का करेंगे। इसी के साथ वह जेल भरो आंदोलन और अपनी जान देने से पीछे नहीं हटेंगे। कर्मचारियों की मांग है कि वर्ष 2000 के बाद नियुक्त हुए सभी बिजली कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की जाए, बिजली कर्मियों को मिल रही रियायती बिजली की सुविधा यथावत जारी रखी जाए। नियमित पदों पर नियमित भर्तियां की जाए आदि। इस दौरान रामदली मौर्य, सुधीर कुमार, प्रमोद कुमार आदि ने कार्य बहिष्कार किया।
चर्म रोग, गुप्त रोग आदि की महिला मरीज के लिए महिला चिकित्सक : 9719123457





























