हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com) : थाना हापुड़ देहात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ई रिक्शा चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच बदमाशों को सरगना सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पांच ई रिक्शा, हथियार, मोबाइल फोन, नशीली गोलियां तथा दस हजार रुपए नकद बरामद किए है। वाहन चोरों का यह गिरोह जनपद मेरठ व हापुड़ में सक्रिय था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बुधवार की अपराह्न हापुड़ में पत्रकारों को बताया कि थाना हापुड़ देहात पुलिस व एसओजी टीम किठौर रोड बाईपास पर गश्त कर रही थी कि पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश पूजा कालोनी का यासीन, शास्त्री नगर मेरठ का दानिश, गोकुलपुरी दिल्ली का समीर, बरेली का भूरा, जाफराबाद दिल्ली का सादीकीन है। गिरोह का सरगना यासीन है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गैंग के सदस्य भोले-भाले ई रिक्शा चालक को माल ले जाने के बहाने मुंह मांगे भाड़े पर ले जाते थे और चालक को कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोली मिला कर पिला देते थे। चालक के बेहोश होने पर ई रिक्शा ले उड़ते थे। गैंग के सदस्य नई ई रिक्शा को 30 से 40 हजार रुपए बेच देते थे और पुरानी ई रिक्शा को कटवा देते थे। पुलिस ने गैंग से पांच ई रिक्शा, नौ मोबाइल फोन, दस हजार रुपए नकद, 39 नशीली गोलियां, तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए है।
Property Mela: खरीदें प्लॉट व फ्लैट, कॉल करें 9540030099































