हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी के हापुड़ में आयोजित सात दिवसीय शिविर के समापन पर बुधवार की शाम दुर्गा वाहिनी का पथ संचलन निकाला गया। गणवेशधारी दुर्गा वाहिनी के शौर्य संचलन पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर दुर्गाओं का उत्साह वर्धन किया। ड्रोन कैमरे की मदद से पूरी निगरानी रही।
दुर्गा वाहिनियों का यह शौर्य संचलन हापुड़ के एस.एसवी इंटर कालेज परिसर से शुरु हुआ और मेरठ तिराहा, तहसील चौपला, अतरपुरा चौपला, गोल मार्किट, सर्राफ बाजार, कोठी गेट आदि बाजारों से होते हुए एसएसवी इंटर कालेज पर विश्राम किया। नागरिकों ने स्थान-स्थान पर पुष्प वर्षा कर बालिकाओं का उत्साह वर्धन किया।
सफेद सलवार, सूट, केसरिया दुपट्टा, सफेद जूते, मौजे पहने तथा कंधे पर दंड संभाले ये युवतियां कदम ताल करते हुए भारत माता की जय के उद्घोष के आगे बढ़ते हुए हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही थी। जिस मार्ग से दुर्गा वाहिनियों का यह शौर्य संचलन निकला, उसी मार्ग पर राहगीरों, दुकानदारों ने पुष्प वर्षा की।





























