डुप्लीकेट नमक सप्लाई वाला गिरफ्तार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ पुलिस ने नामजद कंपनी की आड़ में डुप्लीकेट नमक बचने के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पीयूष गोयल को रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कॉपीराइट व अन्य धारों में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है जो कि नकली नमक सप्लाई करता था।
मामले में लिप्त दो दुकानदारों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी की दुकान से पुलिस ने 72 पैकेट नकली नमक बरामद किया था।
आप को बता दें कि चंडीगढ़ के सेक्टर 14 स्थित सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर सुमित आर्य ने पुलिस को बताया था कि उन्हें नामी कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट माल बेचने वालों पर कार्रवाई करने के लिए कंपनी ने उन्हें अधिकृत किया है। 20 जनवरी को उन्हें सूचना मिली कि थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव शाहपुर जट में दो व्यापारी दुकान पर नामचीन कंपनी की आड़ में डुप्लीकेट नमक बेच रहे हैं। उसके बाद कंपनी के अधिकृत अधिकारी ने पुलिस टीम के साथ मिलकर गांव शाहपुर जट में दो दुकानों पर छापा मारा जहां से 72 पैकेट डुप्लीकेट नमक बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों दुकानों से गांव शाहपुर जट के सौरभ सिंहल और ओमप्रकाश को पकड़ा था जिन्हें पुलिस जेल भेज चुकी है। वहीं पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सिंभावली के गांव बक्सर के पीयूष गोयल को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जो यह डुप्लीकेट नमक बेचता था।
































