हापुड़, सूवि (ehapurnews.com): जिला अधिकारी अनुज सिंह ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर व मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह के साथ ग्राम अब्दुल्लापुर बसंत, सरावा, जैन कन्या इंटर कॉलेज, धनोरा बझीलपुर , बाबूगढ़ तथा उपेड़ा में शुक्रवार को पहुंचकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा गांव में पहुंचकर जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों को अधिक से अधिक वोट करने की अपील भी की। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा क्षेत्र के कई पोलिंग केंद्रों का जायजा लिया और निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए साथ ही दिव्यांग हेतु प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैम्प व जन सुविधा की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त जन सुविधा बेहतर रहे इसके लिए उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और कहा कि चुनाव को लेकर कोई गतिरोध ना रखें। सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपना मतदान करें और प्रशासन व पुलिस का सहयोग करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी है यदि किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाता द्वारा कोई भी अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास किया जाएगा तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को निडर होकर मतदान करने की अपील की।



























