हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में गुरुवार की रात को जेसीबी मशीन ने 2.478 हेक्टेयर की सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से भू माफियाओं में खलबली मची हुई है। अवैध कब्जा हटाकर प्रशासन ने धौलाना ग्राम सभा का बोर्ड लगा दिया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी मेधा रूपम ने धौलाना में कब्जामुक्त हुई जमीन के क्रय-विक्रय और नए निर्माणों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है।
दरअसल धौलाना तहसील क्षेत्र में साल 1984 में 123 लोगों को पट्टे आवंटित किए गए थे जहां 1997 में इन पट्टो को भूमिधर घोषित करा लिया गया और पट्टों के क्रय विक्रय का अधिकार मिला। इन पट्टो पर भू माफियाओं की नजर थी। अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ कर चार बार भू माफियाओं और कुछ अधिकारियों ने सांठगांठ कर सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त करा दी। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मामला संज्ञान में आने पर कड़ा कदम उठाया।
धौलाना तहसील क्षेत्र के लेखपाल केशव शर्मा की तहरीर पर धौलाना थाने में 14 के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुवार की रात को सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। धौलाना के एसडीएम विवेक यादव ने टीम के साथ भूमि की चाहरदीवारी को गिराया और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा कर एक बोर्ड लगा दिया। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है।




























