हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा की रिलायंस रोड पर स्थित एक वेयरहाउस से करीब दो दर्जन कर्मचारियों को बिना पूर्व नोटिस निकाले जाने पर अन्य कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। गुस्साए कर्मचारी धौलाना तहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह बिना नोटिस के निकालना मनमानी है जिससे कर्मचारियों पर रोजी-रोटी का संकट मंडराने लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली के उपकरण बनाने वाली एक नामी कंपनी का रिलायंस रोड पर वेयरहाउस है जहां गुरुवार को पहुंचे कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि वेयरहाउस में करीब 160 कर्मचारी नौकरी करते हैं जिनमें से दो दर्जन कर्मचारियों को बिना पूर्व नोटिस दिए नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने धौलाना तहसील पहुंचकर एसडीएम को मामले में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मोहन, विजय, लव कुश, प्रदीप, कपिल, अनिल, एकांश, विपिन, शनि आदि ने प्रदर्शन किया।
Admission Open Now for SA International School : 9258003065


























