हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने गढ़मुक्तेश्वर में पांच स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। गरजते बुलडोजर के आगे अवैध प्लाटिंग चंद मिनटों में ही ध्वस्त हो गई। बता दें कि बुधवार को हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत अवैध निर्माण के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया।
जनपद हापुड़ में अवैध प्लाटिंग धड़ल्ले से हो रही है। ऐसे में प्रभारी प्रवीण गुप्ता टीम के साथ गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे जहां उन्होंने नायब तहसीलदार मजिस्ट्रेट पवन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। गढ़ की रिफ्यूजी कॉलोनी में डॉ हासिम व मोहम्मद हारून द्वारा लगभग पांच हजार वर्गमीटर में की गई अवैध प्लॉटिंग, बंटी पुत्र तेजपाल, टिंकू पुत्र राजीव द्वारा उपाध्याय नगर में लगभग 4000 वर्ग मीटर में की गई अवैध प्लॉटिंग, राजेंद्र यादव द्वारा गांव गढ़ बांगर में लगभग 6500 वर्ग मीटर में की गई अवैध प्लॉटिंग, सरदार सिंह और सुनील सागर द्वारा अहाता बस्तीराम के पास लगभग 32,000 वर्ग मीटर में की गई अवैध प्लाटिंग, खालिद पुत्र अखलाक अहमद द्वारा रिफ्यूजी कॉलोनी में लगभग 6500 वर्ग मीटर में किए गए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
इस दौरान अवैध निर्माण के खिलाफ जमकर कार्रवाई की गई। जनपद हापुड़ के विभिन्न क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही है। नियमों को दरकिनार कर कॉलोनी काट रहे लोगों में अधिकारियों का ज़रा भी खोफ नहीं है। ऐसे में बुलडोजर ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।




























