हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यामनगर में सोमवार की शाम एक विवाहिता का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया. मृतका के परिवारजनों ने दहेज हत्या की आशंका व्यक्त की है और थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिस पर लिखा है कि वह शादी से बेहद खुश थी और स्वेच्छा से आत्महत्या कर रही है. पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच में जुटी है.बता दें कि 19 वर्षीय मुस्कान पुत्र राजू निवासी अन्नानगर दिल्ली की शादी श्याम नगर के सन्नी के साथ हुई थी. मृतक के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार दहेज का दबाव बना रहे थे. मांग पूरी न होने पर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. छह माह पहले विवाहिता गर्भवती हुई लेकिन इसके बावजूद भी ससुरालियों के अत्याचारों में कोई कमी नहीं आई. सोमवार को विवाहिता का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई. मामले की सूचना पाकर परिवार दिल्ली से हापुड़ आ गया और दहेज हत्या की आशंका व्यक्त करने लगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
































