हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने एक बार फिर कड़े तेवर दिखाते हुए थाना सिंभावली में तैनात एक दरोगा, एक हैड कांस्टेबल व एक कांस्टेबल को निलम्बित कर दिया है। कप्तानी की कड़ी कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना सिंभावली में तैनात दरोगा सर्वेश कुमार, मुख्य आरक्षी हितेश कुमार व आरक्षी सतीश कुमार ने गत दिनों एक बदमाश के घर रेड की थी और उम्दा किस्म के हथियार बरामद किए थे, परन्तु दरोगा व दोनों सिपाहियों ने बदमाश के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की और न ही आला-अफसरों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के संज्ञान में जब यह मामला आया, तो उन्होंने मामले की जांच सी.ओ. गढ़मुक्तेश्वर से कराई। सी.ओ. गढ़ की जांच रिपोर्ट के आधार पर उक्त तीनों पुलिसकर्मियों को कप्तान ने निलम्बित कर दिया। अब पूरे प्रकरण की जांच सी.ओ. हापुड़ करेंगे और सात दिन में रिपोर्ट कप्तान को सौंपेंगे।
बताते हैं कि बदमाश के घर से बरामद हथियार उम्दा किस्म के थे, जिन्हें देखकर दरोगा व सिपाहियों की नीयत बिगड़ गई। उन्होंने हथियारों को अपने पास रख लिया और कोई कार्रवाई न करने के बदले बदमाश से मोटी रिश्वत वसूली गई। उक्त तीनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज कर हथियार बरामद होना जरुरी है और बदमाशों से कनैक्शन पर से पर्दा उठना जरुरी है।

























