हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव हाजीपुर में मंगलवार की देर रात दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जिसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्ष एक दूसरे की जान लेने के लिए उतारू हो गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से करीब पांच लोग घायल हो गए। लाठी-डंडों से लैस कुछ दबंग दौड़ते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सिंभावली के गांव हाजीपुर में दो बच्चों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े की चिंगारी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए। एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए जहां लाठी-डंडों से लैस कुछ लोग नजर आ रहे हैं। इस दौरान दबंगों ने जमकर बवाल काटा। संघर्ष में करीब पांच लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
































