
साइबर ठगों ने मालिक बनकर कर्मचारी से ऐंठे 18 लाख
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं। साइबर ठगों ने कंपनी का मालिक बनकर कर्मचारी से 18 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत की है।
जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र की रिलायंस रोड पर स्थित भोवापुर निवासी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वह एमएमएक्स फूड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी करते हैं। 30 जून को उनके पास एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। व्हाट्सएप की प्रोफाइल फोटो कंपनी के मालिक की लगी थी जिसके बाद उन्हें विश्वास हुआ कि यह नंबर उनके मालिक का है। उन्होंने नंबर को सेव कर लिया। एक जुलाई को दोबारा से नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज में ऑफिस में होने की बात पूछी गई जिसके बाद पीड़ित ने बताया कि 12:00 बजे तक ऑफिस पहुंच जाएगा। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित से 18 लाख रुपए बैंक खाते में डालने के लिए कहा। पीड़ित ने रुपए डाल दिए। उसके बाद एक करोड़ 90 लाख रुपए इसी बैंक खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा। पीड़ित को शक हुआ तो ठगी का पता चला जिसके बाद वह पुलिस के पास पहुंचा और मामले में कार्रवाई की मांग की।
लिवगार्ड की दमदार बैटरी खरीदने के लिए संपर्क करें: 6396202244


































