हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से जनपद हापुड़ में तैनात कर्मियों, जिला कंसलटेंट योजना, सहायक लेखाकार, कंप्यूटर ऑपरेटर, खंड प्रेरक, डाटा एंट्री ऑपरेटर ने मानदेय बढ़ोतरी और एचआर पॉलिसी निर्धारण की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार किया। कर्मियों ने सोमवार, मंगलवार और बुधवार तीन दिन कार्य बहिष्कार करने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने ज्ञापन जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के मिशन निदेशक को सौंपा है।
इनकी मांग है कि संविदा के माध्यम से विभिन्न पदों पर वर्षों से तैनात कर्मियों का पिछले सात वर्षों से मानदेय नहीं बढ़ाया गया है जिस पर अभी तक किसी ने सुनवाई नहीं की जिसके चलते कर्मियों ने तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। संविदा कर्मियों का कहना है कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वह लखनऊ में जाकर धरना प्रदर्शन करेंगे।




























