हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की बाबूगढ़ छावनी से गांव बछलौता होते हुए बुलंदशहर सीमा तक जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बछलौता मार्ग के निर्माण से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों तथा राहगीरों को राहत मिलेगी। बाबूगढ़ और बुलंदशहर को जोड़ती यह सड़क बेहद ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है जो इस दौरान जर्जर अवस्था में है जहां अक्सर जलभराव की समस्या बनी रहती है। ऐसे में ट्रैक्टर ट्रॉली, भैंसा बुग्गी व अन्य वाहनों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। काफी समय से जर्जर अवस्था में पड़ी सड़क का निरीक्षण तमाम अधिकारियों ने किया जिसके पश्चात सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। ऐसे में स्थानीय तथा राहगीरों में उम्मीद की आस जगी है।
लगभग 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में 83 लाख रुपए की लागत आएगी जहां सात किलोमीटर की बीटी सड़क तथा पौने दो किलोमीटर की सीसी रोड बनाई जाएगी। सड़क का कुछ हिस्सा बना हुआ है। मेरठ के एक ठेकेदार द्वारा इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है जो इसी वर्ष 14 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
कार्यदाई संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग हापुड़ द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। नौ किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर की चौड़ाई 5.65 मीटर होगी। सड़क के निर्माण की काफी समय से मांग उठ रही थी। मांग पूरी ना होने की दशा में यहां उड़ती धूल से लोग बेहद परेशान थे। बता दें कि इस मार्ग पर कुल 16 पुलिया हैं। ठेकेदार द्वारा पांच वर्ष की सड़क की गारंटी होगी।




























