
नकली दवा के बढ़ते कारोबार पर चिंता जताई चिंता
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.), हापुड़ द्वारा रविवार को कार्यकारिणी समिति की एक अति आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक में हिमाचल प्रदेश, पांडिचेरी, तमिलनाडु राज्यों से बनकर आई नकली दवाओं के आगरा में बड़ी मात्रा में पकड़े जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
जिलाध्यक्ष दिनेश त्यागी ने बताया कि 23 अगस्त को आगरा में दो दवा की थोक दुकानों पर लगभग तीन करोड़ रूपये से ज्यादा की नकली दवाओं को सहायक आयुक्त औषधि बस्ती मंडल नरेश मोहन दीपक व उनकी टीम के साथ यू.पी.एस.टी.एफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर रंगे हाथों पकड़ा। पकड़ी गई नकली दवाओं में सनोफी कंपनी की अलीग्रा 120 मि.ग्रा. व 180 मि.ग्रा. के अलावा अन्य नामी गिरामी कम्पनियों की दवाएं शामिल हैं जो अत्यंत चिंता का विषय हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही जिला मुजफ्फरनगर में भी दवा की 4- 5 दुकानों और उनके गोदामों में एक साथ छापामार कार्यवाही अमल में लाई गई है। इसके साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों में भी अधाधुंध छापामार कार्यवाही चल रही हैं। इस गोरखधंधे में लगे दवा कारोबारी लाखों लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहें हैं ऐसे लोगों को कड़ी कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
महामंत्री विकास गर्ग ने बताया कि नकली दवा के कारोबार में शामिल पकड़े गए दवा व्यवसाई को मौके पर ही अधिकारियों को रिश्वत देने का प्रयास करते हुए 1 करोड़ रुपए के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही उसकी सम्बन्धित अन्य फर्म और गोदामों की भी जांच की गई हैं जिसमें अनेकों अनियमिताएं पाई गई है। जिले के सभी दवा विक्रेताओं से अनुरोध है कि नकली दवा पकड़ने के अभियान में पकड़ी गई एलीग्रा टेबलेट के बैच नंबर को एसोसिएशन से लेकर उसकी खरीद को अवश्य सुनिश्चित कर लें की उक्त दवा कंपनी द्वारा खरीदी गई है या अन्य कहीं से ली गई हैं। थोड़ा सा भी संदेह होने पर विक्रेता को तत्काल वापिस कर दे।
कोषाध्यक्ष विनीत जिंदल ने कहा कि नकली के साथ साथ ड्रग माफियाओं द्वारा नशीली दवाओं के कारोबार को भी समाज में फैलाया जा रहा है जिसको रोकने के लिए एसोसिएशन समय समय पर जनपद के दवा विक्रेताओं को निर्देश जारी करती रही हैं। इस विषय पर भी एसोसिएशन गंभीर हैं। किसी भी स्थिति में जिले में नशीली दवाओं की बिक्री बिना डॉक्टर के पर्चे के नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में समाज में पैर पसार रहे नकली दवा कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि जनपद के सभी थोक और रिटेल दवा विक्रेताओं को पत्र जारी करते हुए निर्देशित किया जाए कि थोक विक्रेता दवा सीधे कंपनी अथवा कंपनी के अधिकृत स्टॉकिस्ट से खरीद कर बिक्री करें। साथ ही फुटकर विक्रेता दवाओं को कंपनी के अधिकृत स्टॉकिस्ट से बिल के साथ बैच नंबर मिलाकर खरीद कर बिक्री करें तभी इन ड्रग माफियाओं के नकली दवाओं को समाज में फैलने से रोक पाने में कामयाब हो पाएंगे। इसके लिए एसोसिएशन के पदाधिकारी हापुड़ जिले में दवा विक्रेताओं से जनसंपर्क कर जागरूकता अभियान भी चलाएंगे।
बैठक में साधु सिंह, संजय अग्रवाल, अरुण गोयल, राजीव डंग, दीपक त्यागी, अजय सोढ़ा, अनिल अग्रवाल, नीरज डाबरा, सुशील शर्मा, प्रवीण त्यागी, गौरव गर्ग, अमित शर्मा, बोबिंद्र त्यागी, विपिन अग्रवाल, लईक अहमद, संजीव कुमार, अनिल कुमार आदि उपस्थित रहें।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025

































