
गढ़: जेब में बिल चुकाने के पैसे नहीं, लेज़र लाइट शो पर खर्च कर दिए सवा तीन करोड़
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट को मिनी हरिद्वार की तर्ज पर विकसित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं लेकिन लापरवाही सरकार के अभियान को पलीता लगा रही है। हाल ही में एक करोड़ 90 लाख रुपए खर्च कर ब्रजघाट में लगाई गई जेट्टी बैरिकेडिंग का कुछ हिस्सा गंगा में बह गया। वहीं सवा तीन करोड रुपए की लागत से लेजर लाइट शो तैयार कराया गया जो आकर्षण का केंद्र भी बना लेकिन बिजली के बिल का भुगतान न होने पर यह अब धीरे-धीरे कबाड़ में तब्दील हो रहा है। आखिर सवाल यह खड़ा होता है कि जब बिल का भुगतान करने के लिए जेब में पैसे नहीं थे तो जनता का सवा तीन करोड रुपए बर्बाद क्यों किया?
गढ़मुक्तेश्वर की ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि लेजर शो को चलाने के लिए बिजली की आवश्यकता होती है। इसके संचालन के दौरान ऊर्जा निगम का करीब 22 लाख रुपए बकाया हो गया है। ऐसे में आय ना होने और बिल अधिक होने के कारण इसको बंद करना मजबूरी हो गया है। कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व इसको साफ कराया गया था। पुन: साफ-सफाई कराई जाएगी।
आप ही सोचिए कि यदि बिजली का बिल का भुगतान करने के लिए यदि विभाग के पास पैसे नहीं थे तो आखिर इतने महंगे लेजर लाइट शो में सवा तीन करोड रुपए क्यों लगाए गए? इस रुपए को किसी और विकास कार्य में भी लगाया जा सकता था। आज के समय में तो सोलर भी एक विकल्प है। लापरवाही का मंजर योजनाओं को पलीता लगा रहा है।

























