हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के ऐलान के बाद शनिवार को राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी, चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली गांव नूरपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा की गई घोषणा पर खुशी जाहिर की। इसी के साथ उन्होंने गढ़ के विधायक हरेंद्र तेवतिया के साथ क्षेत्र के विकास पर चर्चा भी की। खुशी जाहिर करते हुए जयंत चौधरी ने बताया कि चौधरी चरण सिंह को किसानों के मसीहा के रूप में जाना जाता है जिनका जन्म 23 दिसंबर 1902 को गांव नूरपुर में हुआ था। हाल ही में एनडीए में शामिल होने के बाद वह पहली बार नूरपुर पहुंचे। जब उनसे मीडिया ने सीटों के बंटवारे को लेकर सवाल पूछा तो जयंत चौधरी ने कहा अभी चुनाव की घोषणा नहीं हुई है। समय आने पर इस पर भी फैसला लिया जाएगा। इस दौरान जयंत चौधरी ने अपने दादा चौ. चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यापर्ण भी किया और उन्हें याद किया।
इसी के साथ जयंत चौधरी ने कहा कि चौधरी साहब को भारत रत्न की घोषणा के बाद से नूरपुर के लोगों में विशेष उत्साह है। ऐसे में वह क्षेत्रवासियों का विचार समझने के लिए यहां आए हैं। उनकी खुशी में शामिल होने आए हैं। किसान के मुद्दे पर बोलते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों की सुनवाई होनी चाहिए। राष्ट्रीय लोकदल किसानों के साथ खड़ी है। नूरपुर पहुंचने पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का क्षेत्रवासियों ने जोरदार स्वागत किया।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457





























